राजस्थान न्यूज: सोशल मीडिया पर एक अनजान युवक से बातचीत करना एक महिला के लिए प्रताड़ना का जाल बन गया।
करीब दो साल तक आरोपी महिला को उसके अश्लील वीडियो के जरिए देह शोषण करता रहा और डरा-धमकाकर लाखों रुपए भी ऐंठ लिए।
दरअसल, जयपुर के चित्रकूट नगर निवासी एक साधारण परिवार की महिला ने पुलिस को उसके साथ सालों से हो रही प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
दिसंबर 2022 में महिला की मुलाकात इंस्टाग्राम पर पंकज कुमार से हुई। मीठी-मीठी बातें करने के अंदाज़ ने महिला को उससे दोस्ती करने के लिए मजबूर कर दिया। आरोपी ने भी दोस्ती के लिए रिक्वेस्ट भेजी। एक्सेप्ट करने के बाद दोनों ने आपस में मोबाइल नंबर शेयर कर लिए और काफी लंबे समय तक दोनों के बीच बातचीत चलती रही।
साल 2023 में आरोपी ने महिला को मिलने के लिए एक होटल बुलाया। एक साल की बातचीत में महिला को उस पर पूरा भरोसा हो गया था, इसलिए वह उसके बताए होटल में मिलने चली गई।
उसे बिल्कुल भी अंदाज़ा नहीं था कि यहां उसके साथ क्या होने वाला है।
आरोपी महिला को होटल के कमरे में ले गया और एक जेंटलमैन की तरह उसे ड्रिंक ऑफर की। महिला ने पी ली, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसमें आरोपी ने पहले से ही नशे की गोलियां मिला दी थीं। जैसे-जैसे असर हुआ, महिला अचेत हो गई।
जब महिला को होश नहीं था, तब आरोपी ने उसके कपड़े उतार दिए और उसके अश्लील वीडियो और फोटो सूट कर लिए। इसके बाद उसने महिला का रेप किया। जब कुछ घंटे बाद महिला को होश आया, तो उसने आरोपी का विरोध किया, लेकिन आरोपी के पास रेप के दौरान बनाए गए वीडियो थे। उसने उन्हें वायरल करने की धमकी देकर महिला को चुप करा दिया।
यहीं से ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हुआ जिसमें महिला लगातार फंसती चली गई।
आरोपी के पास अश्लील वीडियो थे, उसने महिला को कॉल करके फिर से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब महिला ने इनकार किया, तो आरोपी ने उसे दूसरा विकल्प दिया कि यदि वह पैसे देगी, तो वह वीडियो वायरल नहीं करेगा।
महिला ने बताया कि आरोपी ने उससे पिछले दो सालों में लाखों रुपए ऐंठ लिए।
वह महिला की जमा पूंजी हड़प चुका था। आरोपी इन रुपयों से ऐश करता रहा और महिला दिन-रात उसका टॉर्चर सहती रही। लेकिन महिला ने हार नहीं मानी। उसने हिम्मत जुटाकर साल 2025 में चित्रकूट नगर थाने में आरोपी पंकज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
इस मामले की जांच एसआई प्रियंका को सौंपी गई है।
राजस्थान न्यूज: भाजपा विधायक के बेटे का सिर फोड़ा, तलवारों से हमला



 
                                    