राजस्थान न्यूज: बारां जिले का स्थापना दिवस इस बार जश्न की जगह एक दुखद हादसे की याद बन गया।
हॉट एयर बैलून जब हवा में उड़ा, तो एक युवक भी रस्सी पकड़कर उसके साथ करीब 80 फीट ऊपर चला गया। लेकिन रस्सी टूटते ही वह सीधे जमीन पर गिरा।
गिरने से उसकी हड्डियां टूट गईं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दरअसल, गुरुवार सुबह बारां के खेल संकुल मैदान में तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत हॉट एयर बैलून शो से हुई थी। उद्घाटन स्थानीय विधायक राधेश्याम बेरवा ने किया और कुछ लोगों के साथ बैलून की सवारी भी की। इसके बाद बैलून को स्कूली बच्चों की सैर के लिए तैयार किया जा रहा था।
इसी दौरान बैलून के पास खड़ा उसका सहायक कर्मचारी वासुदेव खत्री एक रस्सी पकड़े हुए था। जैसे ही बैलून ऊपर उठने लगा, वासुदेव भी रस्सी के साथ ऊपर चला गया। वह हवा में लटकता रहा, लेकिन किसी ने उसे नीचे लाने की कोशिश नहीं की। बैलून और ऊपर गया, रस्सी पर दबाव बढ़ा और अचानक वह टूट गई। वासुदेव करीब 80 फीट ऊंचाई से जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल में मौत, परिवार को गहरा दुख
गिरने से वासुदेव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
बता दें कि कोटा का रहने वाला वासुदेव सहायक तकनीकी कर्मचारी था। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके पूरे शरीर में फ्रैक्चर आ गए थे। शरीर पर गिरने से जो दबाव पड़ा, उससे अंदरूनी चोटें ज्यादा आईं। इससे समझा जा सकता है कि एक लापरवाही के कारण उसकी दर्दनाक मौत हुई।
इस हादसे के बाद जिला प्रशासन ने स्थापना दिवस के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। जिला कलेक्टर ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और वासुदेव के परिवार से मिलकर संवेदनाएं जताने की बात कही है।
शुरुआती जांच में आयोजन में लापरवाही सामने आई है। बैलून टीम की चूक से एक जान चली गई। अब पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
राजस्थान न्यूज: PWD XEn के पास ACB को मिली 4 करोड़ की अवैध संपत्ति
राजस्थान न्यूज: बेटे ने पिता के गले में घोंपी कैंची, भाई को कहा- मैंने मार दिया
राजस्थान न्यूज: 25 वर्षीय विवाहित ने किया सुसाइड, पिता बोले- बेटी को टॉर्चर किया