भीलवाड़ा में मंगरोप थाना क्षेत्र की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने जिलेभर में सनसनी फैला दी है। सिलाई सीखने के लिए घर से निकली युवती की लाश छह दिन बाद महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में मिली। परिवार ने पड़ोस के गांव के युवक पर किडनैप, रेप और जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
युवती 18 जुलाई की सुबह सिलाई सीखने निकली थी लेकिन घर नहीं लौटी। जब परिवार ने सिलाई सेंटर में पूछताछ की तो पता चला कि वह वहां पहुंची ही नहीं थी। परिजन ने अपनी ओर से कई जगह तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 19 जुलाई को मंगरोप थाने पहुंचे पर FIR दर्ज नहीं हुई। आरोप है कि ड्यूटी ऑफिसर की गैरमौजूदगी और स्टाफ की कमी का हवाला देकर उन्हें लौटा दिया गया।
पुलिस की लापरवाही के गंभीर आरोप-
21 जुलाई को परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे। लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि युवती की लोकेशन केरल में है। परिजनों के अनुसार पुलिस ने कहा, “केरल जाना है तो कार लेकर आओ।” परिजन निराश होकर लौट गए और खुद ही तलाश जारी रखी।
मकान से मिली जानकारी, अस्पताल में मिली लाश-
24 जुलाई को मंगरोप थाना पुलिस ने युवती की लोकेशन मांडलगढ़ के एक मकान में पाई। पुलिस व परिजन जब वहां पहुंचे, तो बताया गया कि युवती की तबीयत खराब हो गई थी और आरोपी युवक उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले गया। रात को जब परिजन हॉस्पिटल पहुंचे, तो पता चला कि युवती की मौत हो चुकी है। शव मॉर्च्यूरी में रखा गया है।
रेप और मर्डर का आरोप, प्रदर्शन पर अड़े परिजन-
परिजनों का आरोप है कि युवती के शरीर पर चोटों के निशान हैं। आरोपी युवक ने उसका किडनैप कर रेप किया और बाद में जहर देकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह परिजन महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी के बाहर एकत्रित हो गए और आरोपी युवक व पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया और पोस्टमॉर्टम भी नहीं करवाया।
पुलिस की सफाई और प्रयास-
मंगरोप और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही और परिजनों को समझाने का प्रयास करती रही। अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है और परिजन इंसाफ की मांग पर अड़े हैं।
राजस्थान न्यूज़: दोस्तों के साथ गई नाबालिग, एक ने किया रेप, बाकी रख रहे थे नज़र
राजस्थान न्यूज़: युवती से गैंगरेप, मारपीट व ब्लैकमेलिंग मामले में सेंट्रल जेल के कैदी को पकड़ा


