मेड़ता में भाजपा विधायक लक्ष्मणराम कलरू का एक लोक कलाकार के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में विधायक एक कलाकार के साथ पारंपरिक नृत्य करते और उसके गले में माला डालते नजर आ रहे हैं। इस पर पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी ने कड़ी आपत्ति जताई है।
इंदिरा देवी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “हमारे संस्कारों में केवल जीवनसाथी की महिला के गले में माला डाल सकते हैं। यह वीडियो न केवल विधायक के संस्कारों पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि उनके दल के निर्देशों पर भी प्रश्नचिन्ह लगाता है।” उन्होंने भाजपा राजस्थान, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को टैग कर इस मामले में स्पष्टीकरण की मांग की।
विधायक ने दी सफाई, बताया कलाकार का नाम-
विवाद बढ़ने पर विधायक लक्ष्मणराम कलरू ने सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वीडियो मेड़ता सिटी स्थित चारभुजा चौक पर 12 मार्च 2025 को आयोजित होली महोत्सव का है। कलरू ने बताया कि वीडियो में मेरे साथ डांस कर रहा व्यक्ति सोजत निवासी विकास कुमार है, जो पेशे से नृत्य कलाकार है। वह देश-विदेश में महिला और पुरुष दोनों के वेश में मंच पर प्रस्तुति देता है।
उन्होंने इंदिरा देवी की पोस्ट को भ्रामक बताते हुए कहा कि इस तरह की पोस्ट कर पूर्व विधायक केवल राजनीतिक लाभ और अपने आकाओं को खुश करने का प्रयास कर रही हैं। यदि वे सार्वजनिक मंच पर भी जवाब चाहती हैं तो मैं तैयार हूं।
आयोजकों ने भी दी पुष्टि-
इस कार्यक्रम के आयोजक सीसीएम ग्रुप मेड़ता के सदस्य राजीव पुरोहित ने भी पुष्टि की कि जिस व्यक्ति के साथ विधायक डांस कर रहे थे, वह एक पुरुष कलाकार है जिसने महिला के रूप में सांस्कृतिक प्रस्तुति दी थी। कार्यक्रम में विधायक बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित थे।
नागौर न्यूज: डेयरी संचालक की पिकअप ट्रक से टकराई, युवक गंभीर घायल
नागौर न्यूज: चेक बाउंस मामले में आरोपी को 6 महीने की सजा, 1.80 लाख का जुर्माना