राजस्थान पुलिस के मेवाड़ भील कोर (MBC) में तैनात एक जवान की बांसवाड़ा जिले की जगमेरू पहाड़ी से गिरने के कारण मौत हो गई।
यह हादसा सोमवार देर शाम उस वक्त हुआ जब जवान अपने गांव से आए दोस्तों को घुमाने पहाड़ी पर ले गया था। उसे बचाने के प्रयास में उसका एक साथी भी गहरी खाई में उतर गया, जो गंभीर रूप से घायल हो गया।
घूमने निकले थे, पैर फिसला… डूंगरपुर जिले के वरदा गांव निवासी 27 वर्षीय कल्पेंद्र सिंह की तैनाती बांसवाड़ा में MBC बटालियन में थी। सोमवार को कल्पेंद्र अपने चार साथियों के साथ घूमने निकले थे।
घटना जगमेरू पहाड़ी पर उस वक्त हुई जब कल्पेंद्र का पैर फिसल गया और वह करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। उसे गिरता देख साथी जवान जीवन सिंह भी उसे बचाने नीचे उतर गए। वहीं, अन्य साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
दो घंटे की रेस्क्यू कोशिश के बाद मिले दोनों
सूचना मिलते ही भंगड़ा थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। खाई की गहराई और जंगली इलाके की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आई। करीब दो घंटे की तलाश के बाद कल्पेंद्र और जीवन को खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार – तब तक कल्पेंद्र की मौत हो चुकी थी, जबकि जीवन को गंभीर चोटें आईं। उन्हें बांसवाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हाल ही में हुई थी सगाई – बताया गया कि कल्पेंद्र सिंह नियमित रूप से व्यायाम करते थे और इंस्टाग्राम पर उनके जिम वीडियो भी मौजूद हैं। बटालियन में उन्हें सबसे एक्टिव जवानों में गिना जाता था। करीब एक साल पहले उनकी सगाई भी हुई थी।
पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव सुपुर्द किया जाएगा।