सीकर के एक ग्रामीण क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया और वह 29 सप्ताह की गर्भवती पाई गई। यह मामला तब सामने आया जब नाबालिग को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया।
इलाज के दौरान हुआ खुलासा-
21 जुलाई को पीड़िता को परिजन सीकर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जब डॉक्टरों ने जांच की, तो पाया कि किशोरी गर्भवती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया, लेकिन मौके पर पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और मामला दर्ज नहीं हो सका।
बिना बताए अस्पताल छोड़ गए परिजन-
अस्पताल प्रशासन ने पीड़िता और उसके परिवार को 24 जुलाई को दोबारा बुलाया, लेकिन वे बिना सूचना दिए वहां से चले गए। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) को दी।
DLSA की पहल से दर्ज हुआ केस-
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित पुलिस थाने को निर्देश देकर केस दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और मामले की जांच प्रारंभ की।
परिवार के ही युवक पर लगा आरोप-
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दुष्कर्म करने वाला युवक कोई बाहरी नहीं बल्कि पीड़िता की बड़ी बहन के ससुराल पक्ष का रिश्तेदार है। आरोप है कि उसी ने नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण किया, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई।
पुलिस जुटी जांच में, आरोपी फरार-
मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस जांच में जुटी है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है, वहीं पीड़िता के बयान और अन्य कानूनी औपचारिकताएं भी पूरी की जा रही हैं। बाल संरक्षण आयोग व अन्य संस्थाएं भी इस मामले में सक्रिय हो गई हैं।
प्रशासन पर उठे सवाल-
इस घटना से प्रशासनिक लापरवाही भी उजागर हुई है। शुरुआती सूचना के बाद भी थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करना गंभीर चिंता का विषय है। अगर समय रहते मामला दर्ज कर लिया जाता, तो कार्रवाई भी पहले शुरू हो जाती।
सीकर में युवती की संदिग्ध मौत, पिता बोले- रेप के बाद की गई हत्या
सीकर में हिस्ट्रीशीटर ने शादी का झांसा देकर युवती से किया रेप


