राजस्थान के झुंझुनूं जिले से जानवरों के खिलाफ बर्बरता का एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नवलगढ़ थाना क्षेत्र के कुमावास गांव में एक व्यक्ति ने बंदूक से फायरिंग कर 25 से अधिक कुत्तों को मौत के घाट उतार दिया।
पशु प्रेमियों और ग्रामीणों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर, जगह-जगह पड़े मिले मृत कुत्तों के शव
कुमावास गांव में 2 और 3 अगस्त को यह भयावह घटना घटी, जिसमें एक व्यक्ति खुलेआम बंदूक लेकर घूमता दिखा और जहां भी कुत्ते नजर आए, उन पर गोलियां चला दीं।
मामले को लेकर 4 अगस्त को पुलिस हरकत में आई और हेड कॉन्स्टेबल शुभकरण को मौके पर भेजकर प्रारंभिक जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि डुमरा गांव निवासी श्योचंद बावरिया ने इस घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश में दबिश जारी
नवलगढ़ पुलिस ने 5 अगस्त को स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी श्योचंद बावरिया के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 325 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी के अन्य साथियों की पहचान भी की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


