झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। चिड़ावा रोड पर हुए इस एक्सीडेंट में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे की मौत इलाज के दौरान रास्ते में हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर दिल दहलाने वाला मंजर देखने को मिला।
श्रीधर यूनिवर्सिटी के पास हुआ हादसा
दोपहर करीब 1.00 बजे श्रीधर यूनिवर्सिटी के पास एक कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार, इकतावरपुरा निवासी लोकेश सिंह शेखावत अपनी कार से चिड़ावा से पिलानी की ओर जा रहा था। इसी दौरान डुलानिया गांव के रहने वाले मुकेश और संदीप बाइक पर सवार होकर पिलानी से चिड़ावा की ओर आ रहे थे।
अचानक तेज रफ्तार कार और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार संदीप की गर्दन गहरी चोट से लगभग कट गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मुकेश को गंभीर हालत में पहले चिड़ावा अस्पताल और फिर झुंझुनूं रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। कार चालक को हल्की चोटें आईं हैं। हेड कॉन्स्टेबल महावीर सिंह ढाका ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि बाइक सवार युवक सही दिशा में जा रहे थे जबकि कार की रफ्तार काफी अधिक थी।
हालांकि, कार चालक लोकेश सिंह का कहना है कि बाइक अचानक सामने आ गई, जिससे वह गाड़ी नहीं संभाल पाया।फिलहाल पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
दो घरों के चिराग बुझ गए, गांव में छाया मातम
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक मजदूरी कर परिवार चलाते थे। मुकेश के पिता का पहले ही निधन हो चुका है घर पर मां और छोटा भाई है। वहीं संदीप के परिवार में माता-पिता और एक भाई हैं। दोनों युवक अविवाहित थे। हादसे से दोनों गांवों में शोक की लहर है।
जयपुर में हथियार तस्कर गिरफ्तार, देसी कट्टा और पिस्टल बरामद
जयपुर के युवा संसद में देवनानी ने दिया संदेश – ज्ञान, विज्ञान और तर्क से करें राष्ट्र निर्माण
जयपुर में तीन महीने तक नाबालिग से रेप, दोस्ती के नाम पर बना रिश्ता


