दौसा न्यूज़: नेशनल हाईवे-148 पर सैंथल थाना क्षेत्र के बापी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप खड़े कंटेनर में जा टकराई। इस हादसे में 7 बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के एटा और फिरोजाबाद के रहने वाले थे।
श्रद्धालुओं की यात्रा और हादसा-
जानकारी के अनुसार, एटा जिले के असरौली गांव से करीब 45 श्रद्धालु दो पिकअप में खाटूश्याम दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय महिलाओं और बच्चों से भरी एक पिकअप कंटेनर से टकरा गई। शुरुआती जांच में पता चला कि पिकअप में 22 से अधिक लोग सवार थे।
दौसा में 10 लोगों की मौत हुई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति जयपुर के SMS अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में पूर्वी, प्रियंका, दक्ष , शीला, सीमा, अंशु और सौरभ शामिल हैं। चार मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
घायलों का इलाज जारी-
हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज किया जा रहा है। दौसा जिला अस्पताल में चार घायलों का प्राथमिक इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल अन्य लोग जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती हैं। SMS अस्पताल में भर्ती लोग, लक्ष्य, नैतिक, रीता, नीलेश कुमारी, मनोज और एक अन्य।
हादसे का कारण और ब्लैकस्पॉट की समस्या-
राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि पिकअप सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जा घुसी। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र ब्लैकस्पॉट के रूप में जाना जाता है और सरकार के संज्ञान में है। ऐसे कई खतरनाक इलाके राजस्थान में चिन्हित किए गए हैं।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक-
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।
राजस्थान में सड़क हादसों की स्थिति-
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MORTH) के 2022 के डेटा के अनुसार राजस्थान में हर साल करीब 11 हजार लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं। यह आंकड़ा देश के शीर्ष छह राज्यों में राजस्थान को शामिल करता है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने फरवरी 2025 में संसद में बताया था कि सड़क हादसों का रिकॉर्ड बहुत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य 2024 तक सड़क हादसों और मौतों को 50% कम करना था, लेकिन स्थिति में कमी की बजाय बढ़ोतरी हुई है।
सांसद बेनीवाल का बयान-
लोकसभा सदस्य हनुमान बेनीवाल ने कहा कि दौसा-मनोरपुर सड़क मार्ग (NH 148) पर यह हादसा अत्यंत दुःखद है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को अवगत कराते हुए इस मार्ग को फोरलेन में विकसित करने की मांग की, क्योंकि यह मार्ग हादसों के लिए जाना जाता है और कई लोगों की जानें जा चुकी हैं।
दौसा न्यूज: हाईवे पर कंटेनर-टैंकर की टक्कर, केमिकल रिसाव से मचा हड़कंप
दौसा: 6 महीने की बच्ची की संदिग्ध मौत, मां ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप